*बागेश्वर धाम से निकलेगी सनातन हिंदू एकता रथयात्रा, 14 को टीकमगढ़ में होगा प्रवेश* *टीकमगढ़।* पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के नेतृत्व में सनातन हिंदू एकता रथयात्रा निकाली जा रही है। यह यात्रा 11 अक्टूबर को छतरपुर के गढ़ा स्थित बागेश्वर धाम से शुरू होकर 14 अक्टूबर को टीकमगढ़ जिले में प्रवेश करेगी। टीकमगढ़ में यात्रा की तैयारी को लेकर भाजपा नेता राजेंद्र तिवारी के नेतृत्व में बैठक हुई। इसमें यात्रा की रूपरेखा तैयार की गई और विभिन्न संगठनों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। राजेंद्र तिवारी ने बताया कि रथयात्रा टीकमगढ़ में दो दिन रहेगी। तय कार्यक्रम के अनुसार रथयात्रा 14 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे बड़ागांव (धसान) नदी पर पहुंचेगी। कृषि उपज मंडी परिसर में धार्मिक सभा होगी। पंडित धीरेंद्र शास्त्री बड़ागांव के प्राचीन हनुमान मंदिर में दर्शन करेंगे। उसी दिन शाम 6 बजे से पीजी कॉलेज परिसर, कुंडेश्वर रोड पर दिव्य दरबार लगेगा और वहीं रथयात्रा का रात्रि विश्राम होगा। यात्रा बड़ागांव, अतोरा, अमरपुर, समर्रा और पठा सहित विभिन्न मार्गों से गुजरेगी। यह 5 दिवसीय रथयात्रा करीब 500 किलोमीटर लंबी होगी, जो छतरपुर, पन्ना, सागर, दमोह और टीकमगढ़ जिलों से गुजरेगी। यात्रा का उद्देश्य सनातनियों को एकजुट करना है। इसमें हनुमान चालीसा पाठ, हवन और हिंदू राष्ट्र की शपथ दिलाई जाएगी।