नर्मदापुरम जिलेभर में आन बान शान से लहराया तिरंगा।

आधुनिक, विकसित और आत्मनिर्भर भारत की ओर बढ़ रहा देश : नक्सल मुक्त मध्यप्रदेश की उपलब्धि का श्रेय वीर जवानों को, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने किया शहीदों को नमन।
स्वतंत्रता दिवस केवल वार्षिक समारोह नहीं, स्वाभिमान और संकल्प के नवीनीकरण का महान पर्व : मंत्री विश्वास सारंग।
नर्मदापुरम जिले में हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया गया स्‍वतंत्रता दिवस समारोह।
खेल एवं युवा कल्‍याण तथा सहकारिता मंत्री विश्‍वास सारंग ने किया ध्वजारोहण।
जिले की उपलब्धियों और विकास कार्यों का संकलन बनी पुस्तिका का किया गया वितरण।
स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की दी प्रस्‍तुति।
सेवा के प्रति समर्पण एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारी हुए पुरूस्‍कृत।

नर्मदापुरम जिले में 80वां स्‍वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित स्‍वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में खेल एवं युवा कल्‍याण तथा सहकारिता मंत्री विश्‍वास सारंग ने ध्‍वजारोहण कर परेड की सलामी ली। तत्पश्चात परेड दलो द्वारा आकर्षक मार्चपास्ट का प्रदर्शन किया गया। परेड दल का नेतृत्व परेड कमांडर परिविक्षाधीन उ.पु.अ पूजा लक्षकार और परेड उप कमांडर सूबेदार सूरज जामरा ने किया। मंत्री सारंग ने दल नायकों से परिचय भी प्राप्त किया। मंत्री सारंग द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात राष्‍ट्रध्‍वज तिरंगा के रंग में रंगे गुब्बारों को हवा में मुक्त कर देश के अमन चैन एवं खुशहाली के लिए कामना की गई।
नर्मदापुरम में आयोजित 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य कार्यक्रम के दौरान मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रदेश की जनता के नाम दिए गए स्वतंत्रता दिवस संदेश का लाइव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित नगरवासियों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के संदेश को देखा और सुना। मुख्यमंत्री डॉ यादव के संदेश में स्वतंत्रता के महत्व, विकास के संकल्प और जनभागीदारी पर जोर दिया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने उत्साहपूर्वक आत्मसात किया। 
मुख्य समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने जिलेवासियों को भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज घर-घर में हमारा प्यारा तिरंगा लहरा रहा है, गली-गली में देशभक्ति के तराने गूंज रहे हैं और जन-जन के मन में देशप्रेम हिलोरे ले रहा है। आज धरती का कण-कण आजादी के उत्सव और उल्लास में डूबा हुआ है।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत जिलेभर में निकाली गई तिरंगा यात्राएं चिर युवा भारत और अजर-अमर स्वतंत्रता का जयघोष कर रही हैं। पूरा राष्ट्र आज देशभक्ति के अभूतपूर्व गौरव, उल्लास और उमंग से ओतप्रोत है।
               समारोह में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया, सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह, नगर पालिका नर्मदापुरम अध्यक्ष श्रीमती नीतू यादव, जनपद पंचायत नर्मदापुरम अध्यक्ष भूपेंद्र चौकसे, श्रीमती प्रीति शुक्ला, आईजी चंद्रशेखर सोलंकी, डीआईजी वीरेंद्र कुमार सिंह, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक साई कृष्ण एस.थोटा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। 
स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की दी प्रस्‍तुति, बच्चों के उत्साह, प्रतिभा व देशप्रेम की झलक को सभी ने सराहा
स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह के दौरान नन्हे-मुन्ने स्कूली बच्चों ने अपनी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को देशभक्ति और उत्साह से सराबोर कर दिया। बच्चों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उपस्थित प्रत्येक नागरिक को मंत्रमुग्ध कर तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया।