नर्मदापुरम 
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में फिर बाघ शावक की मौत, 9 महीनों में पांचवीं घटना से बढ़ी चिंता
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व से एक बार फिर चिंताजनक खबर सामने आई है। मटकुली रेंज के नयाखेड़ा क्षेत्र में चार महीने के टाइगर शावक का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। बीते नौ महीनों में यह पांचवीं ऐसी घटना है, जिसने अधिकारियों की चिंता और बढ़ा दी है।
जानकारी के मुताबिक, नयाखेड़ा बीट के कक्ष क्रमांक 460 में तैनात फॉरेस्ट गार्ड ने दो बाघों के बीच संघर्ष की आवाजें सुनी थीं। देर रात गूंजती तेज दहाड़ से पूरा इलाका सहम गया। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन चलाया, जहां अंधेरे में शावक मृत अवस्था में मिला।
घटनास्थल पर वरिष्ठ अधिकारियों और राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) के प्रतिनिधियों ने निरीक्षण किया। फील्ड डायरेक्टर राखी नंदा के अनुसार, शावक के शरीर पर गहरे घाव और चोटों के निशान मिले हैं। मौके पर नर और मादा बाघ के पदचिह्न भी पाए गए हैं।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शावक की मौत किसी वयस्क बाघ के हमले में हुई है। वन विभाग ने पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया और अधिकारियों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार भी किया गया।
लगातार हो रही टाइगर मौतों ने वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।