आलोट। स्वामित्व योजना के कार्य को लेकर पटवारियों को जारी किए जा रहे कारण बताओ सूचना-पत्रों के विरोध में मध्यप्रदेश पटवारी संघ ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जिला पटवारी संघ रतलाम ने चेतावनी दी है कि यदि जिले के किसी भी पटवारी के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की गई तो संघ चरणबद्ध आंदोलन करेगा और इसके बाद सभी पटवारी कलमबंद हड़ताल पर चले जाएंगे।

जिला अध्यक्ष मध्यप्रदेश पटवारी संघ रतलाम की ओर से जारी पत्र में बताया गया कि जिला पटवारी संघ द्वारा पूर्व में 15 सितंबर और 28 सितंबर 2026 को ज्ञापन दिए गए थे। इसके अलावा प्रांताध्यक्ष द्वारा भी 1 अक्टूबर 2026 को पत्र जारी कर स्वामित्व योजना में निष्पादित बने पटवारियों को निराकरण नहीं होने तक कार्रवाई नहीं करने की मांग की गई थी।

संघ के अनुसार इसके बावजूद 1 अक्टूबर को पटवारियों को परिवीक्षाधीन तथा 2 अक्टूबर और 3 अक्टूबर को पटवारियों को कारण बताओ सूचना-पत्र जारी किए गए हैं। पत्र में कहा गया है कि स्वामित्व योजना का कार्य पूरा होने तक जिले के किसी भी पटवारी के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाए।

कार्रवाई हुई तो चरणबद्ध आंदोलन

पटवारी संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जिले के किसी भी पटवारी पर कार्रवाई की जाती है तो मध्यप्रदेश पटवारी संघ जिला रतलाम चरणबद्ध आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। इसके बाद जिले के सभी पटवारी चरणबद्ध आंदोलन करते हुए उसी दिन से कलमबंद हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगे।

संघ ने कहा है कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली समस्त जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन की रहेगी। पत्र जिला अध्यक्ष, मध्यप्रदेश पटवारी संघ, जिला रतलाम द्वारा जारी किया गया है।

           आलोट-ताल अनुभाग के पटवारी रहे मौजूद

बैठक में अध्यक्ष रमेश सोलंकी, संजय कुशवाहा, गोविंद व्यास, स्वागत दुबे, बालमुकुंद चौहान, जितेंद्र अवस्थी, कपिल चौबे, सचिन रावत (ताल अध्यक्ष), अनवर मंसूरी, पवन धाकड़, रफीक कुरैशी, दीपका, सपना, पूजा, अनुराधा और सपना अग्रवाल सहित आलोट-ताल अनुभाग के संयुक्त पटवारी उपस्थित रहे।