22 जनवरी को नगर क्षेत्र मझौली स्थित चंद्रोदय पैलेस में अधिवक्ता संघ तहसील मझौली का शपथ ग्रहण समारोह भव्य रूप से आयोजित किया गया। इस समारोह में सीधी संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान न्यायाधीश जिला सीधी श्री पी. एल. दिनकर ने की।

विशिष्ट अतिथियों में धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम, विशेष न्यायाधीश यतींद्र कुमार गुरुजी, अधिवक्ता संघ सीधी के अध्यक्ष बृजेंद्र सिंह, पूर्व अध्यक्ष चंद्र मोहन गुप्ता, जनपद पंचायत मझौली की अध्यक्ष सुनैना सिंह, और नगर परिषद मझौली के अध्यक्ष शंकर प्रसाद गुप्ता उपस्थित थे।

कार्यक्रम की शुरुआत और शपथ ग्रहण

कार्यक्रम की शुरुआत ज्ञान और विद्या की देवी मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद अधिवक्ता अखिलेश जायसवाल और तत्सत मिश्रा ने स्वागत गीत और भाषण के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया।

प्रधान न्यायाधीश श्री पी. एल. दिनकर ने अधिवक्ता संघ मझौली के अध्यक्ष महेंद्र सिंह गौतम, उपाध्यक्ष द्वारिका प्रसाद बैस और अन्य पदाधिकारियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

अध्यक्ष की मांगें

शपथ ग्रहण के पश्चात अध्यक्ष महेंद्र सिंह गौतम ने मांग पत्र प्रस्तुत किया। इसमें मझौली में अपर सत्र न्यायालय की स्थापना, 25 अगस्त 2020 को किए गए नवीन न्यायालय भवन के शिलान्यास पर निर्माण कार्य की मांग की गई। इसके अलावा, अधिवक्ताओं के लिए बैठक हॉल, ट्रेजरी और रजिस्टार कार्यालय की स्थापना और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने की मांग की गई।

विशेष उपस्थिति

समारोह में न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री शिवांगी सिंह परिहार और सुश्री रुचि परते, चिंतामणि तिवारी, जयकांत मिश्र, जनपद अध्यक्ष कुसमी श्यामवती सिंह, उपाध्यक्ष भूपाल सिंह, और सतीश तिवारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ अधिवक्ता सुधींद्र शुक्ला ने किया।