आगर मालवा। मोहर्रम पर्व के दौरान जिलेभर में निकलने वाले ताजिया जुलूसों एवं अखाड़ों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन में जिलेभर में लगभग 300 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है।

मोहर्रम पर्व की सुरक्षा व्यवस्थाओं के तहत पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित पुरानी अनाज मंडी परिसर में ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की विशेष ब्रीफिंग आयोजित की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ब्रीफिंग में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट, एसडीओपी मोतीलाल कुशवाहा सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे ड्यूटी के दौरान पूर्ण संवेदनशीलता, निष्पक्षता, अनुशासन एवं सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने जुलूस मार्गों, धार्मिक स्थलों तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जुलूस आयोजकों, शांति समिति के सदस्यों और गणमान्य नागरिकों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जाए। साथ ही आमजन के साथ शालीन व्यवहार करते हुए अफवाहों से बचने और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

ब्रीफिंग के बाद पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में शहर के प्रमुख एवं संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्रारंभ होकर नगरसेठ मंदिर, पुराना अस्पताल तिराहा, बड़ौद दरवाजा, हाटपुरा मस्जिद, मालीपुरा, कसाईवाड़ा, नाना बाजार, गोपाल मंदिर, घाटी नीचे, लक्ष्मणपुरा, मेवाती मोहल्ला और सत्यनारायण गली होते हुए सरकारवाड़ा पहुंचकर सम्पन्न हुआ। फ्लैग मार्च के माध्यम से आमजन को सुरक्षा एवं विश्वास का संदेश दिया गया।

जिला पुलिस ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के प्रभावी संचालन हेतु अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट को जिला सुरक्षा व्यवस्था का प्रभारी बनाया गया है। वहीं अनुभाग स्तर पर संबंधित अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में पर्याप्त पुलिस बल, वायरलेस संचार व्यवस्था, दंगा नियंत्रण उपकरण एवं अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।

जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द के साथ मनाएं, किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।