अहमदपुर। केंद्र सरकार की नई ट्रेड डील के खिलाफ ब्लॉक किसान कांग्रेस ने अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया है। शनिवार को ब्लॉक किसान कांग्रेस अध्यक्ष विकास ठाकुर के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का पुतला दहन किया। इस दौरान विकास ठाकुर ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह ट्रेड डील किसानों की कमर तोड़ने वाली है।

पुतला दहन के उपरांत पत्रकारों से चर्चा करते हुए विकास ठाकुर ने कहा, "यह सरकार शुरू से ही किसान विरोधी रही है। नई ट्रेड डील के जरिए किसानों के हितों को बड़े उद्योगपतियों के हाथों गिरवी रखा जा रहा है। सरकार की नीतियां हमेशा से अन्नदाता को छलावा देने वाली रही हैं, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।" प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने 'किसान विरोधी यह सरकार, नहीं चलेगी-नहीं चलेगी' के नारे लगाए और चेतावनी दी कि यदि किसानों के साथ न्याय नहीं हुआ तो आंदोलन को ब्लॉक स्तर से बढ़ाकर जिला स्तर तक ले जाया जाएगा।