आलोट। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे सेवा संकल्प पखवाड़े के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से विभिन्न स्थानों पर आंगन का मिलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 12 स्थित अंजुमन कॉलोनी के आंगनवाड़ी केंद्र पर आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के वार्डवासी, गर्भवती महिलाएं, बच्चे एवं किशोरी हितग्राही शामिल हुए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पिछड़ा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष महेश टांक एवं उनकी धर्मपत्नी अंतिमा टांक रहे। मातृ सहयोगी सहायिका सावित्री मकवाना की उपस्थिति में कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उर्मिला शर्मा, आशा लाखला एवं सपना सोलंकी का सम्मान किया गया। उपस्थित हितग्राहियों को आंगनवाड़ी केंद्र के माध्यम से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं की जानकारी दी गई। अंत में सभी को अल्पाहार वितरित किया गया।

गायत्री मंदिर में भी हुआ सम्मान समारोह

इसी क्रम में भाजपा महिला मोर्चा के माध्यम से स्थानीय गायत्री मंदिर में भी आंगन का मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष दिलीप सिंह डोडिया, प्रभारी अनिल भरावा, जिला कार्यसमिति सदस्य दिनेश त्रिवेदी, महिला मोर्चा अध्यक्ष रीता परमार, पार्षद ज्योति कुंवर परिहार सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, आशा एवं ऊषा कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर बच्चों, माताओं एवं महिलाओं को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कार्यक्रम में रीना उपाध्याय, जया शर्मा, नीतू देवड़ा, कल्पना कदम, रेखा निगम, अनीता राव, कविता सहित अन्य कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम का संचालन सामाजिक कार्यकर्ता मोहक मेहता ने किया तथा आभार आंगनवाड़ी कार्यकर्ता रिनी पंवार ने माना। दोनों कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में हितग्राही, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।