नरसिंहपुर/गोटेगांव:- (मोहन सिंह राजपूत)- विकासखंड अंतर्गत बेलखेड़ी से शेढ़ तथा मगरधा से शेढ़ को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग बीते दिवस दोपहर में सड़क के बीचों-बीच विशाल बरगद का पेड़ गिरने से पूरी तरह बंद हो गया। पेड़ के सड़क पर गिर जाने से मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और ग्रामीणों का आवागमन बाधित हो गया।

बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण पेड़ की जड़ें कमजोर हो गई थीं, जिसके चलते यह हादसा हुआ। गनीमत रही कि पेड़ गिरने के समय सड़क से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

मार्ग बंद होने से स्कूली बच्चों, किसानों सहित रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सड़क पर गिरे पेड़ को हटवाकर आवागमन सुचारू कराने की मांग की है।