ईडी की टीम का डहरगांव में छापा: मनी लॉन्ड्रिंग की आशंका से गांव में हड़कंप
सीआरपीएफ की कड़ी सुरक्षा, जांच की गोपनीयता के चलते मीडिया को लौटना पड़ा
बैतूल। जिला मुख्यालय के समीप स्थित ग्राम डहरगांव में बुधवार सुबह हड़कंप मच गया, जब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने एक स्थानीय निवासी के घर पर छापेमारी की। इस अचानक हुई कार्रवाई से पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग तरह-तरह की चर्चाएं करने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ईडी की टीम दो वाहनों में सुबह डहरगांव पहुंची और सीधे स्थानीय निवासी जुबेर पटेल के घर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। टीम के साथ सीआरपीएफ के जवान भी मौजूद थे, जिन्होंने पूरे क्षेत्र में घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था संभाली। जैसे ही छापेमारी की जानकारी फैली, आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए।
शुरुआत में कार्रवाई को लेकर भ्रम की स्थिति बनी रही। कुछ लोगों ने इसे जीएसटी विभाग की कार्रवाई बताया, तो कुछ ने आयकर विभाग की छापेमारी होने की अटकलें लगाईं। बाद में यह स्पष्ट हुआ कि कार्रवाई प्रवर्तन निदेशालय द्वारा की जा रही है।
सूत्रों से मिली अपुष्ट जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम नागपुर से डहरगांव पहुंची थी। टीम ने घर में प्रवेश करते ही दस्तावेजों, इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण कागजातों की गहन जांच शुरू की। हालांकि, जांच को लेकर अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
छापेमारी की सूचना मिलते ही मीडिया कर्मी भी मौके पर पहुंचे, लेकिन सीआरपीएफ के जवानों ने सुरक्षा और जांच की गोपनीयता का हवाला देते हुए उन्हें भीतर जाने से रोक दिया। मौके पर मौजूद ईडी अधिकारियों ने भी मीडिया से बातचीत करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पत्रकारों को बिना किसी बयान के लौटना पड़ा।
सूत्रों का कहना है कि यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक संभावित मामले की जांच के तहत की जा रही है। फिलहाल जांच जारी है और ईडी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। कार्रवाई के चलते दिनभर गांव में चर्चाओं का दौर चलता रहा।
Continue With Google
Comments (0)