उमरिया जिले के ग्राम पड़वार में भदार नदी पर पुल निर्माण न होने के कारण बरसात के मौसम में छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के कारण ग्रामीण जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग से पुल निर्माण की गुहार लगा रहे हैं।
बरसात के चार महीनों के दौरान भदार नदी में जलभराव के कारण शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पड़वार तक पहुंचने के लिए छात्रों को 18 से 20 किलोमीटर का लंबा रास्ता तय करना पड़ता है, जबकि यह दूरी आमतौर पर सिर्फ 4-5 किलोमीटर होती है।
ग्राम मुड़गुड़ी, सलैया, कुड़ी और बचहा भरौली से आने वाले छात्र-छात्राओं ने पुल निर्माण की मांग की थी, ताकि उनकी पढ़ाई बाधित न हो और वे समय पर स्कूल पहुंच सकें। हालांकि, इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देकर कुछ शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया था।
छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों में बढ़ते आक्रोश के चलते उन्होंने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से इस समस्या का त्वरित समाधान करने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही पुल निर्माण का कार्य शुरू नहीं हुआ, तो वे आंदोलन और हड़ताल करेंगे।
संबंधित विभाग, जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से आग्रह है कि वे इस बरसात में आकर स्थिति का निरीक्षण करें और पुल निर्माण कार्य को शीघ्र अंजाम दें।
Continue With Google
Comments (0)