भिण्ड।
आगामी वर्ष 2027 की जनगणना में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए एक पृथक कॉलम जोड़ने और देश की प्रत्येक जाति की जनसंख्या दर्ज किए जाने की मांग को लेकर आज भिण्ड जिला कलेक्टोरेट में महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन प्रांतीय कुशवाह समाज मध्यप्रदेश (जिला भिण्ड) के नेतृत्व में भिण्ड कलेक्टर के प्रतिनिधि एवं अपर कलेक्टर महोदय को प्रदान किया गया।
ज्ञापन के माध्यम से कुशवाह समाज और ओबीसी महासभा के पदाधिकारियों ने मांग की है कि 2027 की जनगणना में ओबीसी वर्ग की पृथक पहचान सुनिश्चित की जाए। उनका कहना है कि सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक नीतियों के उचित निर्धारण के लिए ओबीसी वर्ग की वास्तविक जनसंख्या का एक प्रमाणिक और आधिकारिक आंकड़ा उपलब्ध होना बेहद जरूरी है।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रमुख रूप से निम्नलिखित मांगें उठाई हैं:
• वर्ष 2027 की जनगणना में ओबीसी (OBC) के लिए एक अलग और स्पष्ट कॉलम जोड़ा जाए।
• जनगणना के दौरान देश की प्रत्येक जाति की वास्तविक जनसंख्या दर्ज की जाए।
• ओबीसी वर्ग की जनसंख्या का आधिकारिक आंकड़ा पूरी पारदर्शिता के साथ सार्वजनिक किया जाए, ताकि सामाजिक न्याय सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर प्रांतीय कुशवाह समाज भिण्ड के जिला अध्यक्ष दिलीप सिंह कुशवाह, एडवोकेट धर्मेन्द्र सिंह कुशवाह, भैरों फिलिंग स्टेशन के संचालक सोनू यादव, ओबीसी महासभा के युवा प्रदेश सचिव बीर सिंह कुशवाह, अंकुल यादव, ओबीसी महासभा भिण्ड के जिला अध्यक्ष मनोज कुशवाह, एडवोकेट अमर सिंह शाक्य, पत्रकार वीर सिंह कुशवाह, जिला पंचायत प्रतिनिधि रामबरन सिंह कुशवाह, पत्रकार रामपाल सिंह कुशवाह, महेश सिंह कुशवाह, संजू कुशवाह, संजीव कुशवाह और अजय कुशवाह सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रांतीय कुशवाह समाज मध्यप्रदेश ने स्पष्ट किया है कि ओबीसी वर्ग के अधिकारों, सम्मान और सामाजिक न्याय के लिए उनकी यह आवाज आगे भी निरंतर बुलंद रहेगी।
संवाददातारमपाल कुशवाह
Continue With Google