जनगणना में OBC कॉलम की मांग को लेकर भिण्ड में ओबीसी महासभा का विरोध प्रदर्शन
**भिण्ड, 3 अक्टूबर 2026।** आगामी राष्ट्रीय जनगणना के प्रारूप में ओबीसी वर्ग के लिए पृथक कॉलम, जाति कॉलम एवं ड्रॉपडाउन सूची शामिल नहीं किए जाने के विरोध में ओबीसी महासभा द्वारा भिण्ड के **परेड चौराहे** पर विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व ओबीसी महासभा के जिला अध्यक्ष **मनोज सिंह कुशवाहा** ने किया।
प्रदर्शन के दौरान जनगणना फॉर्मेट की प्रतियों का प्रतीकात्मक दहन कर सरकार से मांग की गई कि आगामी जनगणना में ओबीसी वर्ग की वास्तविक संख्या दर्ज करने के लिए स्पष्ट एवं पृथक व्यवस्था की जाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि ओबीसी की सही जनसंख्या के आधिकारिक आंकड़े सामाजिक न्याय एवं उचित प्रतिनिधित्व के लिए आवश्यक हैं।
महासभा ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान **राष्ट्रीय प्रतीक अशोक चक्र का पूरा सम्मान रखते हुए उसे अलग कर सुरक्षित रखा गया**, इसके बाद ही फॉर्मेट की प्रतियों का प्रतीकात्मक दहन किया गया।
जिला अध्यक्ष मनोज सिंह कुशवाहा ने कहा कि जब तक जनगणना में ओबीसी की सटीक गणना के लिए स्पष्ट कॉलम और ड्रॉपडाउन सूची की व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
### 15 अक्टूबर को जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन
ओबीसी महासभा ने आंदोलन के अगले चरण में **15 अक्टूबर 2026 को देशभर के जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन एवं ज्ञापन सौंपने** की घोषणा की है। संगठन ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
प्रदर्शन में **राजेश सिंह कुशवाहा, विक्रम सिंह शाक्य, रामपाल कुशवाह, कुलदीप सिंह, दीपक, छोटे सिंह, रामदास, एडवोकेट अजीत सिंह, महेश, शैलू कुशवाहा, पवन राठौर, विकास कुशवाहा, विष्णु कुशवाहा, नरेश कुशवाहा, अजीत लोधी, धर्मेन्द्र कुशवाहा, छोटू राठौर, छोटे सिंह लोधी, रामराज लोधी और सोवरन राठौर** सहित अनेक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
संवाददाता -: रामपाल कशवाह
Continue With Google