पेटलावद: श्री तेजाजी महाराज की आस्था से जुड़े तेजा दशमी पर्व को लेकर पेटलावद नगर में उत्साह का माहौल है। पर्व को लेकर बाजार पूरी तरह सज-धजकर तैयार है, वहीं श्री तेजाजी महाराज मंदिर पर दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। रविवार, 20 सितंबर को नवमी तिथि के अवसर पर मंदिर में विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे, जबकि सोमवार, 21 सितंबर को तेजा दशमी के अवसर पर श्री सत्यवीर तेजाजी महाराज का भव्य जुलूस नगर भ्रमण करेगा।
पर्व को लेकर शनिवार को बाजार में भी दिनभर चहल-पहल रही। तेजाजी महाराज की फोटो, झंडे, सजावटी सामान, पूजा सामग्री, निशान और छत्रियों की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ दिखाई दी। युवाओं में तेजाजी महाराज के झंडे और टी-शर्ट को लेकर विशेष उत्साह नजर आया। गांव-गांव से लोग पर्व की तैयारियों के लिए खरीदारी करने पेटलावद पहुंचे।
*नवमी पर मंदिर में होंगे धार्मिक आयोजन:*
रविवार को नवमी के अवसर पर श्री तेजाजी महाराज मंदिर में आरती के साथ विभिन्न धार्मिक बोलियों का आयोजन किया जाएगा। इसमें महाआरती की बोली, माला चढ़ाने की बोली, घोड़े पर बैठाने सहित अन्य धार्मिक बोलियां लगाई जाएंगी। धार्मिक आयोजनों को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह बना हुआ है और मंदिर परिसर में तैयारियां की जा रही हैं।
*सोमवार सुबह निकलेगा भव्य जुलूस:*
तेजा दशमी के अवसर पर सोमवार सुबह 8 बजे श्री सत्यवीर तेजाजी महाराज का भव्य जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरेगा। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। जुलूस के दौरान डीजे, ढोल और धार्मिक जयघोष के साथ नगर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहेगा।
*दोपहर 1 बजे होगी महाआरती:*
जुलूस के पश्चात दोपहर 1 बजे श्री तेजाजी महाराज की महाआरती का आयोजन किया जाएगा। पर्व को लेकर बाजार में भी विशेष रौनक बनी हुई है। व्यापारियों के अनुसार इस बार तेजा दशमी को लेकर खरीदारी अच्छी हो रही है। झंडे, निशान, छत्रियां, पूजा सामग्री और अन्य सामान की मांग बनी हुई है।
आयोजकों ने समस्त नगरवासियों और तेजाजी भक्तों से दोनों दिवस आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने तथा श्री तेजाजी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।
मध्य प्रदेश स्पेशल
तेजा दशमी को लेकर बाजार में उत्साह, 21 को निकलेगा श्री सत्यवीर तेजाजी महाराज का भव्य जुलूस
September 19, 2026 06:20 PM
1 min read
5 views
1/2
Reactions
Comments 0
Please log in to join the conversation and post a comment.
Continue With Google