टीकमगढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस विधायक का पुतला जलाया

महिलाओं पर टिप्पणी के विरोध में नारेबाजी, इस्तीफे और एफआईआर की मांग

टीकमगढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया के खिलाफ प्रदर्शन किया। सिविल लाइन रोड स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं ने बरैया का पुतला जलाया और जमकर नारेबाजी की। यह प्रदर्शन महिलाओं के प्रति उनकी कथित अशोभनीय टिप्पणी के विरोध में किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष सरोज राजपूत के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में भाजपा महिला मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी शामिल थे। प्रदर्शनकारियों ने फूल सिंह बरैया के इस्तीफे की मांग की और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की अपील की। भाजपा मीडिया प्रभारी स्वप्निल तिवारी ने बताया कि कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया ने महिलाओं के लिए आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसी बयान के विरोध में और महिलाओं के सम्मान में यह प्रदर्शन आयोजित किया गया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सरोज राजपूत ने कहा, "कांग्रेस के ये विकृत मानसिकता वाले नेता महिलाओं के लिए ऐसी सोच रखते हैं। उनके बयान की जितनी भी निंदा की जाए वह कम है। यही कांग्रेस का असली चरित्र है।" कार्यकर्ताओं ने बरैया के तत्काल इस्तीफे और उन पर कानूनी कार्रवाई की मांग दोहराई। प्रदर्शन के दौरान महिला मोर्चा अध्यक्ष विभा श्रीवास्तव, पुष्पा यादव, पूनम अग्रवाल, मीरा खरे, हर्ष मिश्रा, ब्रजकिशोर तिवारी, जन्मेजय तिवारी, प्रफुल्ल द्विवेदी, अवधेश तिवारी, प्रत्येंद्र सिंघई, रोहित खटीक, पंकज प्रजापति सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।