आलोट। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी वैशाली जैन ने शुक्रवार को आलोट के सिविल अस्पताल, जवाहर नवोदय विद्यालय, ग्राम खामरिया स्थित रानीवाली माता गौशाला और ज्ञानार्जन लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं, शैक्षणिक व्यवस्थाओं और गौशाला में संचालित गतिविधियों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा की।

सिविल अस्पताल में मरीजों की सुविधाओं पर जोर

सीईओ जिला पंचायत ने सिविल अस्पताल आलोट में पोस्टनेटल वार्ड, लेबर रूम, जनरल वार्ड, प्रसूति वार्ड और इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान आमजन ने 108 एंबुलेंस सेवा से जुड़ी समस्या भी उनके सामने रखी। उन्होंने अस्पताल परिसर में पेयजल के लिए स्थापित आरओ का निरीक्षण करते हुए मरीजों को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह

जवाहर नवोदय विद्यालय आलोट पहुंचीं सीईओ ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई और बोर्ड परीक्षा की तैयारियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि परीक्षा से डरने की आवश्यकता नहीं है। नियमित अध्ययन, मेहनत और अनुशासन से बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिस विषय से डर लगता है, उसमें अधिक मेहनत करनी चाहिए। विद्यार्थियों को अपनी कमजोरियों को पहचानकर उन्हें दूर करने और अपनी क्षमता के अनुरूप सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

गौशाला में जैविक खाद निर्माण का अवलोकन

ग्राम खामरिया स्थित रानीवाली माता गौशाला के निरीक्षण के दौरान सीईओ ने वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। गौशाला में लगभग 260 गौवंश निवासरत हैं। उन्होंने यहां संचालित वर्मी कम्पोस्ट एवं जैविक खाद निर्माण कार्यों का अवलोकन किया और संबंधित गतिविधियों की जानकारी ली।

ज्ञानार्जन लाइब्रेरी की व्यवस्थाएं देखीं

निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत वैशाली जैन ने आलोट स्थित ज्ञानार्जन लाइब्रेरी का भी जायजा लिया। उन्होंने वहां उपलब्ध अध्ययन सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा और गौशाला से जुड़ी व्यवस्थाओं का अवलोकन कर संबंधित गतिविधियों की समीक्षा की गई।