*चंद्रपुरा के अंडरग्राउंड ड्रेनेज मॉडल की कलेक्टर ने की सराहना, ग्रामीणों से किया संवाद* *टीकमगढ़।* कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने जनपद पंचायत बल्देवगढ़ की ग्राम पंचायत चंद्रपुरा का भ्रमण कर विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने गांव में विकसित चैंबर आधारित अंडरग्राउंड ड्रेनेज सिस्टम की सराहना की और ग्रामीणों से इसके लाभों पर संवाद किया। ग्रामीणों ने बताया कि इस सिस्टम से खुले नालों की समस्या खत्म हुई है, गांव में स्वच्छ वातावरण बना है और गंदगी से होने वाली बीमारियों में कमी आई है। चैंबरों की सफाई ग्रामीण खुद कर लेते हैं, जिससे सहभागी सफाई व्यवस्था को बढ़ावा मिला है। उल्लेखनीय है कि टीकमगढ़ जिले के इस ड्रेनेज नवाचार को हाल ही में राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है। कलेक्टर ने ग्राम पंचायत द्वारा कराए जा रहे पुरानी बावड़ी के जीर्णोद्धार कार्य का भी निरीक्षण किया और जल संरक्षण के प्रयासों को प्रोत्साहित करने की बात कही। भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने हरिनगर ग्राम में विकसित ‘अथाई’ का भी निरीक्षण किया। बुंदेली संस्कृति को सहेजने के लिए विकसित इस सार्वजनिक बैठक स्थल की दीवारों पर बुंदेली शब्द, रंगोली, लोक चित्रण और वास्तु प्रतीकों का चित्रण किया गया है। कलेक्टर ने कहा कि स्थानीय जरूरतों और संस्कृति को ध्यान में रखकर किए गए ऐसे नवाचार गांव को स्वच्छ, सुंदर और अपनी पहचान से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर तहसीलदार ओपी गुप्ता, जिला समन्वयक मनीष जैन, सरपंच विदेह संजीव पाठक सहित अधिकारी मौजूद रहे।