छतरपुर शहर की सड़कें गड्ढों में तब्दील, PWD और नगरपालिका की लेटरबाजी में पिस रही जनता
छतरपुर। शहर की कई प्रमुख सड़कों की हालत इन दिनों बदहाल है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क सुधार को लेकर PWD और नगरपालिका के बीच जिम्मेदारी तय करने को लेकर पत्राचार जारी है, लेकिन इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
नगरपालिका का कहना है कि संबंधित सड़कों का निर्माण एवं रखरखाव PWD के जिम्मे है, इसलिए सड़क सुधार का कार्य PWD को करना चाहिए। वहीं PWD की ओर से नगरपालिका को पत्र लिखकर कहा गया है कि सड़कों के किनारे ऊंची पट्टियों पर जमा मिट्टी हटाई जाए और नालियों की सफाई कर जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त की जाए। PWD का तर्क है कि पानी की निकासी नहीं होने के कारण सड़कें खराब हो रही हैं।
जिम्मेदारी की लेटरबाजी में जनता परेशान
दोनों विभागों के बीच पत्राचार तो हो रहा है, लेकिन शहर की सड़कों पर बने गड्ढे लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों के साथ हादसे का खतरा बना हुआ है।
जनता बोली"—सड़क किसकी है, यह बाद में तय करें, पहले मरम्मत तो हो
शहरवासियों का कहना है कि सड़क PWD की हो या नगरपालिका की, आम जनता को इससे कोई लेना-देना नहीं है। लोगों को सुरक्षित और गड्ढामुक्त सड़क चाहिए। विभागों को आपसी पत्राचार के बजाय मौके पर पहुंचकर समस्या का स्थायी समाधान करना चाहिए।
अब देखना होगा कि PWD और नगरपालिका की जिम्मेदारी तय करने की कवायद कब खत्म होती है और शहर की बदहाल सड़कों की मरम्मत कब शुरू होती है।
Continue With Google