जावरा बीआरसीसी और आलोट बीईओ को हटाने के निर्देश, शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में जताई नाराजगी
रतलाम। जिले के सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक व्यवस्थाओं और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही को लेकर कलेक्टर अजय कटेसरिया ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में पीएम श्री विद्यालय रिंगनोद में विद्यार्थियों को समय पर पुस्तकें और साइकिल वितरित नहीं होने पर प्राचार्य और जावरा बीईओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में जावरा बीईओ ने बताया कि निरीक्षण के दौरान विद्यालय का कमरा बंद मिला था। इस जवाब पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए नियमित निरीक्षण और व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति जांचने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने समय पर कार्य पूरा नहीं करने पर जावरा बीआरसीसी और आलोट बीईओ को हटाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग के स्कूलों की स्थिति जनजातीय कार्य विभाग के विद्यालयों की तुलना में कमजोर है। इनमें सुधार कर शैक्षणिक गुणवत्ता बेहतर बनाई जाए।
बैठक में साइकिल, पुस्तक, स्कूटी और लैपटॉप वितरण योजनाओं के साथ सीएम हेल्पलाइन एवं अपार आईडी निर्माण की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी कार्य समय-सीमा में पूरे करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
Continue With Google