कलेक्टर ने बरगद के नीचे गांव कूड़ी में लगाई चौपाल
त्यौंथर, रीवा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लेने और आम जनता से संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने दूरस्थ गांव कूड़ी में रात्रि चौपाल का आयोजन किया। इस अवसर पर कलेक्टर ने जनसमस्याओं को सुना और उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर ने शासकीय प्राथमिक शाला परिसर में प्रदेश के राज्य चिन्ह बरगद के नीचे चौपाल लगाई। उन्होंने आम जनता के आवेदन पत्रों का समय सीमा में निराकरण करने का आश्वासन दिया। कलेक्टर ने कहा, "मैं आप लोगों की कठिनाइयों को सुनकर उन्हें दूर करने के लिए यहां आया हूं। सभी विभागीय अधिकारी भी मेरे साथ हैं, जो योजनाओं की जानकारी देंगे।"
इस अवसर पर गांव की जागरूक बेटी दिव्या सिंह ने कहा, "आजादी के बाद इस गांव में कोई कलेक्टर पहली बार आया है। अधिकारियों का दौरा होता रहे तो गांव की व्यवस्थाएं बेहतर हो जाएंगी।"
शिक्षा और स्वास्थ्य
कलेक्टर ने विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने स्कूल में पदस्थ शिक्षकों की नियमितता की सराहना की और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को स्कूल भवन की मरम्मत के निर्देश दिए। महिलाओं ने आंगनबाड़ी केंद्रों में दी जा रही सुविधाओं की जानकारी दी।
बिजली और आधारभूत संरचना
ग्रामवासियों ने बिजली के केबल की स्थिति और मीटर की कमी की समस्या बताई। कलेक्टर ने तत्काल सुधार के निर्देश दिए। साथ ही सड़क किनारे झुके खंबे और लटके तारों को सुधारने के भी निर्देश दिए।
राजस्व और अन्य निर्देश
कलेक्टर को सीमांकन, बटवारा सहित अन्य विभागीय आवेदन प्राप्त हुए। उन्होंने अधिकारियों को कार्यवाही करने के लिए कड़ी चेतावनी दी। कलेक्टर ने खाद्यान्न की पर्ची और अनाज की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान दो आवेदकों के अवैध कब्जे को हटाने के निर्देश भी दिए गए। चौपाल में 20 लोगों को जाति प्रमाण पत्र और चार हितग्राहियों को पेंशन राशि वितरित की गई।
इस अवसर पर एसडीएम त्योंथर राकेश कुमार चौरसिया, उप संचालक सामाजिक न्याय अनिल दुबे, जिला कार्यक्रम अधिकारी नयन सिंह, जिला आपूर्ति अधिकारी कमलेश तांडेकर, और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Continue With Google
Comments (0)