गांधीवादी मार्ग पर चला कांग्रेस का विरोध, पुतला दहन की जगह पहनाया पुष्पहार
बुधनी। राजनीति में विरोध के अनेक तरीके देखे जाते हैं, लेकिन सोमवार को बुधनी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपने विरोध को गांधीवादी मूल्यों के साथ अभिव्यक्त कर एक अलग संदेश दिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के संबंध में की गई कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में कांग्रेसजन प्रदर्शन करने पहुंचे, लेकिन उन्होंने आक्रोश के स्थान पर संयम और सद्भाव का मार्ग चुना।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष योगेश राजपूत ‘सोनू’ के नेतृत्व में तहसील कार्यालय के समीप आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री का पुतला भी साथ लेकर पहुंचे थे। हालांकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की अपील का सम्मान करते हुए कांग्रेसियों ने पुतला दहन नहीं किया। इसके बजाय मुख्यमंत्री के पुतले को पुष्पहार पहनाकर शांतिपूर्ण एवं गांधीवादी तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेताओं को भी माला पहनाकर मुख्यमंत्री के बयान पर अपनी आपत्ति जताई। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि लोकतंत्र में मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन राजनीतिक संवाद की मर्यादा और सम्मान बनाए रखना सभी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है।
इस अनोखे विरोध प्रदर्शन ने क्षेत्र में चर्चा का विषय बनते हुए यह संदेश दिया कि असहमति को भी शालीनता, संयम और अहिंसक तरीके से व्यक्त किया जा सकता है।
इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र यादव, पीलीकरार मंडलम अध्यक्ष हरीश मालवीय, बगवाड़ा मंडलम अध्यक्ष राकेश यादव, युवक कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सौरभ दुबे, कपिल मल्होत्रा, हरीश मीना, ओपी मालवीय, भूपेंद्र निमोदा, कल्पेश चौहान, त्रिलोकचंद भदौरिया, बलबीर चौहान, अंकित भदौरिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Continue With Google
Comments (0)