किसानों की समस्याओं को लेकर कल 7 मई को कांग्रेस पार्टी के द्वारा प्रदेशव्यापी प्रदर्शन किया जाएगा। उपार्जन व्यवस्थाओं में गड़बड़ी लेकर हाईवे पर चक्काजाम करेंगे। कांग्रेस कार्यकर्ता बुधवार को रायसेन जिला कांग्रेस कार्यालय में विधायक देवेंद्र पटेल ने एक प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रायसेन जिले से लगभग 500 कार्यकर्ता शाजापुर के लिए रवाना होंगे और प्रदर्शन में शामिल होंगे।

विधायक पटेल ने आरोप लगाया कि उपार्जन केंद्रों पर किसानों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने तुलाई में भ्रष्टाचार, भुगतान में देरी और टोकन सिस्टम की अव्यवस्था को मुख्य समस्या बताया। पटेल के अनुसार, दलालों और बिचौलियों के कारण किसान शोषण का शिकार हो रहे हैं।

कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और वास्तविक भुगतान में बड़ा अंतर है। पार्टी के अनुसार, 2700 रुपए प्रति क्विंटल के वादे के बावजूद बोली 2300 रुपए से शुरू हो रही है। इसके अलावा, गेहूं और सोयाबीन का भुगतान समय पर न होने से किसान कर्ज के जाल में फंस रहे हैं। खाद, बीज और जूट बैग की कमी को भी एक गंभीर समस्या बताया गया।