नीट पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन

हनुमान चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और छात्रों का प्रदर्शन; शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और पीएम मोदी से माफी की मांग

गुना। नीट पेपर लीक मामले और इसके विरोध में दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के खिलाफ कांग्रेस ने उग्र प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष जयवर्धन सिंह के नेतृत्व में हनुमान चौराहे पर कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में छात्रों ने एकत्रित होकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और कैंडल मार्च निकालकर विरोध जताया।

कैंडल मार्च के दौरान मोमबत्तियां जलाकर उन पीड़ित विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि दी गई, जिन्होंने नीट पेपर लीक के चलते आत्महत्या जैसा आत्मघाती कदम उठाया था।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के युवाओं और विद्यार्थियों के समर्थन में आने पर उनके साथ भी अभद्रता और हिंसा की गई। शहर कांग्रेस अध्यक्ष रजनीश शर्मा ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि यह उपेक्षापूर्ण व दमनकारी रवैया जारी रहा, तो युवा उन्हें कभी माफ नहीं करेंगे।

एकत्रित भारी भीड़ को संबोधित करते हुए कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार कर इस्तीफा नहीं देते, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की है कि वे छात्रों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और शिक्षा व्यवस्था में विश्वास बहाल करने के लिए ठोस रोडमैप प्रस्तुत करें। साथ ही, शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर बल प्रयोग के आदेश देने वाले अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

प्रदर्शन में अन्य छात्र-हितैषी मुद्दे भी उठाए गए। कांग्रेस नेताओं ने मध्य प्रदेश के नर्सिंग छात्रों की लंबित परीक्षाओं का समयबद्ध कार्यक्रम घोषित करने और रुकी हुई छात्रवृत्ति तथा अन्य वित्तीय सहायता का अविलंब भुगतान करने की मांग की। बड़ी संख्या में युवाओं और छात्रों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।