कोतवाली से महज 100 मीटर दूर कांग्रेस का प्रदर्शन, PM का पुतला फूंका
राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस के सूचना तंत्र पर उठे सवाल
टीकमगढ़। बुधवार दोपहर शहर के गांधी चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन साहू के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता गांधी चौराहे पर एकत्रित हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए मुख्य मार्ग पर माहौल गरमा गया और यातायात भी प्रभावित हुआ।
कोतवाली से महज 100 मीटर दूरी पर प्रदर्शन
प्रदर्शन का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह रहा कि गांधी चौराहा शहर की कोतवाली से करीब 100 से 150 मीटर की दूरी पर स्थित है। इतनी नजदीक पुतला दहन और जोरदार नारेबाजी के बावजूद पुलिस की मौजूदगी नजर नहीं आई। इस घटना के बाद पुलिस के सूचना तंत्र और खुफिया व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सवाल यह भी है कि यदि किसी बड़े विवाद या अप्रिय घटना की स्थिति बनती तो पुलिस को इसकी जानकारी कब मिलती?
राहुल गांधी की गिरफ्तारी को लेकर जताया विरोध
कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी की गिरफ्तारी और पुलिस द्वारा कथित अभद्र व्यवहार को लेकर विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान गांधी चौराहे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
भाजपा विधायक बोले—जनता की भलाई कांग्रेस से देखी नहीं जा रही
वहीं भाजपा विधायक हरिशंकर खटीक ने कांग्रेस के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस के पेट में दर्द हो रहा है और उससे जनता की भलाई देखी नहीं जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बढ़ती लोकप्रियता और जनता के लिए बनाई जा रही हितकारी योजनाएं कांग्रेस को दिखाई नहीं दे रही हैं। प्रदर्शन के बाद पुलिस और प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था तथा शहर के संवेदनशील स्थानों पर सूचना तंत्र को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
Continue With Google