कलेक्टर प्रतिभा पाल ने देवरी जनसुनवाई में दिए त्वरित समाधान के निर्देश
संवाददाता सतीष सेन देवरी सागर
देवरी: सागर जिले के देवरी में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर कई मामलों का तत्काल निराकरण कराया।
इस जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर ने विशेष रूप से राजस्व विभाग के लंबित प्रकरणों पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने पटवारियों और राजस्व अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सीमांकन, बंटवारा, नामांतरण और नक्शा तरमीम से जुड़े मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
श्रीमती पाल ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि लंबित सीमांकन एवं नक्शा तरमीम के प्रकरणों को आगामी पांच दिनों के भीतर पूर्ण किया जाए, और कहा कि राजस्व मामलों में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
जनसुनवाई में बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान, महिलाएं और युवा अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। इस दौरान राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, खाद्य, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, जलापूर्ति सहित विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने अधिकांश मामलों का तुरंत निराकरण कराया, जबकि शेष प्रकरणों के लिए संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा निर्धारित करते हुए निर्देश दिए कि वे गुणवत्तापूर्ण एवं शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ निराकरण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कलेक्टर के इस पहल से नागरिकों में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली और उन्होंने प्रशासन के इस कदम की सराहना की।
Continue With Google
Comments (0)