देवास। जिला अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की पोल उस समय खुलती नजर आई, जब एक गंभीर मरीज को अस्पताल से रेफर किए जाने के बाद भी समय पर एंबुलेंस नहीं मिल सकी। परिजनों के अनुसार, मरीज की हालत गंभीर होने के कारण उन्होंने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा से संपर्क किया, लेकिन उन्हें बताया गया कि फिलहाल कोई एंबुलेंस उपलब्ध नहीं है। परिजनों का कहना है कि जिला अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर ने भी 108 पर बात की, लेकिन वहां से भी एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने की जानकारी दी गई। मरीज की स्थिति को लेकर चिंतित परिजन करीब एक घंटे से अधिक समय तक अस्पताल परिसर में एंबुलेंस की व्यवस्था के लिए भटकते रहे। इस दौरान मरीज और उसके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

 

परिजनों ने आरोप लगाया कि जिला अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के दावे किए जाते हैं, लेकिन जरूरत के समय एंबुलेंस जैसी मूलभूत सुविधा भी उपलब्ध नहीं हो पा रही है। 

 

परिजन ने सवाल उठाया कि यदि एंबुलेंस नहीं मिलने से मरीज की हालत बिगड़ती है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी।

 

परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि मरीजों को समय पर एंबुलेंस उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्था में सुधार किया जाए, ताकि भविष्य में किसी मरीज को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।आउट्रो: फिलहाल एंबुलेंस की उपलब्धता को लेकर परिजनों में नाराजगी है। अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है।