कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने किया सौसर कृषि मंडी में संचालित खरीदी केन्द्र का निरीक्षण

 

तुलाई के लिये राशि वसूली पर लगाई फटकार, पारदर्शिता के साथ खरीदी करने के दिए निर्देश

 

खरीदी केन्द्र में व्यवस्थाओं का लिया जायजा, किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं अनियमितता पर सख्त कार्रवाई के दिए संकेत

 

कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने आज सौसर कृषि उपज मंडी परिसर में संचालित तुअर, चना एवं गेहूं के शासकीय खरीदी केन्द्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खरीदी प्रक्रिया, तौल व्यवस्था, उपज के भंडारण एवं किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली।

 

निरीक्षण में अधिक राशि वसूली पर कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने कर्मचारियों को फटकारा। उन्होंने किसानों से अतिरिक्त राशि न लेने और पारदर्शिता से खरीदी करने के निर्देश दिए। किसानों से स्वयं उपज विक्रय करने को कहा ताकि अनियमितता न हो। तहसीलदार व पटवारी की उपस्थिति में खरीदी प्रक्रिया सुनिश्चित की। तौल कांटे और अन्य सुविधाओं की जांच की।

 

कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने खरीदी कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई किए जाने के संकेत भी दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री प्रकाश चंद्र परिहार, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री संदीप मोहोड, प्रभारी एसडीएम श्री प्रियंक मिश्रा सहित मंडी प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।