डबल फाटक ओवरब्रिज के नीचे अतिक्रमण पर कार्रवाई, कबाड़ संचालक पर 10 हजार का जुर्माना

कलेक्टर के निर्देश पर नगरपालिका की कार्रवाई, सड़क से हटवाया अतिक्रमण

नर्मदापुरम्। शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने और अतिक्रमण पर अंकुश लगाने के लिए नगरपालिका ने कार्रवाई की है। डबल फाटक ओवरब्रिज के नीचे सड़क पर कबाड़ फैलाकर अतिक्रमण करने और गंदगी करने वाले कबाड़ संचालक पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। यह कार्रवाई कलेक्टर आशीष वशिष्ठ के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान के तहत की गई।

कार्रवाई के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट सीमा बड़ोने, मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख, नगरपालिका का अतिक्रमण दल और देहात थाना पुलिस बल मौजूद रहा।

अतिक्रमण दल के सदस्य शेख सिकंदर के अनुसार, डबल फाटक ओवरब्रिज के नीचे सड़क पर कबाड़ फैलाकर अतिक्रमण करने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इससे सड़क संकरी हो गई थी और कचरे व गंदगी के कारण राहगीरों तथा आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी हो रही थी।

रविवार को नगरपालिका की टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटवाया और कबाड़ को व्यवस्थित कराया। साथ ही संबंधित संचालक को भविष्य में सड़क पर सामान नहीं फैलाने और स्वच्छता बनाए रखने की समझाइश दी गई। नगरपालिका ने स्पष्ट किया कि शहर में अतिक्रमण और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।