बाढ़ पीड़ितों के लिए गरजी किसान यूनियन

बाढ़ पीड़ितों के मुआवजे और पुनर्वास की मांग, किसान यूनियन ने एसडीएम को सौंपा सात सूत्रीय ज्ञापन


रीवा जिले के त्यौंथर में बाढ़ और अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों एवं बेघर परिवारों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (प्रयाग) ने आवाज बुलंद की। प्रदेश अध्यक्ष योगेश तिवारी के नेतृत्व में यूनियन के पदाधिकारियों ने त्यौंथर विश्राम गृह परिसर में धरना-प्रदर्शन किया और सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन एसडीएम राकेश चौरसिया को सौंपा। यूनियन ने क्षतिग्रस्त मकानों का सर्वे, बेघर परिवारों का पुनर्वास और बर्बाद फसलों का मुआवजा जल्द देने की मांग की है।

त्योंथर में बाढ़ प्रभावितों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (प्रयाग) ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। धरना-प्रदर्शन के दौरान संगठन ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों और बेघर परिवारों को राहत दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए। यूनियन ने क्षतिग्रस्त मकानों का सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने और बेघर परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग रखी।

संगठन ने पात्र भूमिहीन परिवारों को आवासीय भूमि अथवा पट्टा उपलब्ध कराने, बाढ़ में नष्ट हुई फसलों का सर्वे कराकर किसानों को राहत राशि देने और पात्र हितग्राहियों को आवास सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई। साथ ही राहत से जुड़े लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर प्रभावितों को जल्द सहायता उपलब्ध कराने की अपील की गई।

प्रदेश अध्यक्ष योगेश तिवारी के नेतृत्व में सौंपे गए सात सूत्रीय ज्ञापन के माध्यम से किसान यूनियन ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों की समस्याओं पर गंभीरता से कार्रवाई करने की मांग की। अब देखना होगा कि प्रशासन की ओर से राहत और पुनर्वास के लिए आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।

बाइट-1: राकेश चौरसिया, एसडीएम त्यौंथर

बाइट-2: योगेश तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष, भारतीय किसान यूनियन (प्रयाग)