स्लग: बरौ माइनर पर किसानों का धरना
रीवा जिले के त्योंथर क्षेत्र के ग्राम बरौ स्थित 18 नंबर माइनर में सिंचाई के लिए पानी की मांग को लेकर किसानों ने जोरदार प्रदर्शन किया। जनपद सदस्य वेदप्रकाश तिवारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान धरने पर बैठ गए। बारिश शुरू होने के बाद भी किसान और जनप्रतिनिधि मौके से नहीं हटे। आखिरकार प्रशासन और नहर विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर दो दिन के भीतर माइनर में पानी छोड़ने का लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया।
धान की रोपाई के महत्वपूर्ण समय में पानी नहीं मिलने से नाराज किसानों ने बरौ माइनर पर धरना शुरू कर दिया। किसानों का कहना था कि यदि समय पर पानी नहीं मिला तो धान की फसल बर्बाद हो जाएगी और उनकी मेहनत पर पानी फिर जाएगा।
धरने का नेतृत्व कर रहे जनपद सदस्य वेदप्रकाश तिवारी ने कहा कि किसानों की यह लड़ाई उनके अधिकार और आजीविका की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय पर पानी नहीं छोड़ा गया तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।
धरने की सूचना मिलते ही तहसीलदार पारसनाथ मिश्रा, नहर विभाग के एसडीओ सुरेंद्र त्रिपाठी और विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसी दौरान बारिश शुरू हो गई, लेकिन किसान और जनपद सदस्य वेदप्रकाश तिवारी बारिश में भी डटे रहे।
काफी देर तक चली बातचीत के बाद नहर विभाग ने दो दिनों के भीतर बरौ माइनर में पानी छोड़े जाने का लिखित आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद किसानों ने धरना समाप्त किया और जल्द सिंचाई शुरू होने की उम्मीद जताई।
Continue With Google
Comments (0)