बिना निर्माण के निकाले पांच लाख, सड़क निर्माण नदारद
देवरी कला/ केसली। सागर जिले की देवरी विधानसभा के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्यों के नाम पर सरकारी धन की हेराफेरी का एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बेडार पिपरिया के मदनी गांव में बिना किसी निर्माण कार्य के लगभग पांच लाख रुपए का आहरण कर लिया गया है।
ऑनलाइन पोर्टल पर इस कार्य को प्रगति पर दर्शाया जा रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत में इस निर्माण कार्य का कोई अता-पता नहीं है। इससे अधिकारियों की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठते हैं।
सूत्रों के अनुसार, ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं अवसंरचना योजना के अंतर्गत सीसी सड़क निर्माण के लिए 10 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई थी। लेकिन पंचायत के सरपंच और सचिव ने बिना कोई कार्य कराए ही 24 मार्च को अपनी प्रिय फर्म के मटेरियल सप्लायर को 4 लाख 99 हजार 683 रुपए जारी कर दिए।
जहां सड़क बननी थी, वहां की स्थिति शून्य है। यह सड़क कन्हैया लाल के घर से मुख्य सड़क तक बननी थी, लेकिन नींव तक नहीं रखी गई है। ग्रामवासियों ने जनपद के आला अधिकारियों से आग्रह किया है कि सड़क निर्माण जल्द से जल्द किया जाए और गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग किया जाए।
- निर्माण में डस्ट की जगह रेत का और उच्च गुणवत्ता की सीमेंट का उपयोग किया जाए।
यह प्रकरण दर्शाता है कि किस प्रकार से नियमों की अनदेखी कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है।
इनका कहना है
ग्रामवासी भूपेंद्र राजपूत ने बताया, "करीब एक माह पहले मेरे घर के बाजू में सरपंच द्वारा मशीन से मिट्टी फैलाने का काम कराया गया था, मगर आज तक सीसी सड़क निर्माण का काम प्रारंभ नहीं हुआ है।" उनका कहना है कि 50% राशि निकाली जा चुकी है, लेकिन कार्य का एक भी प्रतिशत पूरा नहीं हुआ है।
ग्राम पंचायत बेडार के सचिव यशवंत राजपूत से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।

Continue With Google
Comments (0)