खाद्य सुरक्षा दल ने खाद्य प्रतिष्ठानों का किया निरीक्षण, दुकानदारों को सुरक्षित खाद्य सामग्री विक्रय के लिए किया जागरूक

 

खाद्य सुरक्षा आयुक्त भोपाल एवं कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा दल द्वारा नगर पालिका उमरिया क्षेत्र में विभिन्न मिष्ठान एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए नमूने लिए गए तथा दुकानदारों को साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।

विश्व खाद्य दिवस के उपलक्ष्य में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव मोहन डाबर की उपस्थिति में स्टेडियम के निकट चौपाटी पर दुकानदारों एवं हाथ ठेला संचालकों को जागरूक किया गया। श्री डाबर ने खाद्य पदार्थों का सुरक्षित एवं उचित तरीके से विक्रय करने तथा कानून के निर्धारित मापदंडों का पालन करने की समझाइश दी।

शहडोल संभाग से आई चलित खाद्य प्रयोगशाला के केमिस्ट  पीयूष कुमार मिश्रा ने खाद्य तेल खरीदते समय फोर्टिफाइड खाद्य पदार्थों के चिह्न की पहचान करने तथा एक्सपायरी तिथि से पहले खाद्य सामग्री का सुरक्षित उपयोग करने की जानकारी दी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती मंजू वर्मा ने दुकानदारों को एक्सपायरी मसालों एवं अनधिकृत रंगों का उपयोग नहीं करने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा ताजे फल-सब्जियों का उपयोग करने के निर्देश दिए।

इसी क्रम में प्रभारी तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट बांधवगढ़ दिलीप कुमार सोनी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मंजू वर्मा एवं राजस्व अमले की संयुक्त टीम ने गांधी चौक स्थित होटल शिवालय का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए तथा गोदाम का पंचनामा तैयार कर उसे सील किया। इसके बाद संजय मार्केट स्थित राजा स्वीट्स का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए और प्रतिष्ठान में साफ-सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने दुकानदारों एवं आमजन से खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, पैकेजिंग एवं एक्सपायरी तिथि की जांच करने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों का विक्रय निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही किया जाना चाहिए, ताकि आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके। कार्यक्रम में पीएलवी के.के. शुक्ला,  राजेंद्र तिवारी तथा चलित खाद्य प्रयोगशाला के सदस्य उपस्थित रहे।