भिंड। इंडियन वेटर्न ऑर्गनाइजेशन सैनिक संगठन, जिला इकाई भिंड के पूर्व सैनिकों के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक सूरज वर्मा से मुलाकात कर पूर्व सैनिकों से जुड़े तीन मामलों में शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

 

संगठन के कोषाध्यक्ष श्यामसुंदर शर्मा ने बताया कि पूर्व सैनिक हरिदास देपुरिया की पत्नी सुशीला देवी हत्याकांड में चार माह बीत जाने के बाद भी सात आरोपियों में से केवल एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। प्रतिनिधिमंडल ने शेष आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए।

 

इसी तरह फूफ निवासी पूर्व सैनिक सुनील दत्त के मामले में फर्जी प्रकरण दर्ज किए जाने और उनकी वंशानुगत जमीन पर कब्जे का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की गई। वहीं एंडोरी थाना क्षेत्र के पूर्व सैनिक पान सिंह जाटव के यहां हुई चोरी के मामले में भी चार माह बाद कार्रवाई नहीं होने का मुद्दा एसपी के समक्ष रखा गया।

 

संगठन के वरिष्ठ संरक्षक कैप्टन कालीचरण शर्मा ने एसपी से कहा कि हरिदास देपुरिया मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी का कारण स्पष्ट किया जाए। उन्होंने सुनील दत्त की जमीन और कथित फर्जी वसीयत के मामले में भी कार्रवाई की मांग रखी।

 

मामलों को सुनने के बाद पुलिस अधीक्षक सूरज वर्मा ने पूर्व सैनिकों को आश्वासन दिया कि तीनों मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाएगी और पुलिस हमेशा पूर्व सैनिकों के साथ खड़ी है।

 

संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

 

बैठक में जिला संयोजक वेटर्न रामेंद्र पुरोहित, गोहद अध्यक्ष वेटर्न महेश करारिया, वरिष्ठ संरक्षक सूरत राम श्रीवास, संरक्षक दिनेश सिंह भदौरिया, वेटर्न राजेश शर्मा, राकेश बाबू उपाध्याय, भूरे धाकरे, अनिरुद्ध शुक्ला, रामदत्त शुक्ला, सुनील दत्त, हरिदास देपुरिया, रविंद्र सिंह भदौरिया, विनोद थापक तथा यूथ विंग उपाध्यक्ष बिल्लू यादव सहित संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।