गांधी जयंती पर नाले में उतरे युवा नेता रहीश दुबे, हाथों से हटाया कीचड़-कचरा
डोडिया मिश्रान-रैकवारा के बीच वर्षों से अवरुद्ध नाले की युवाओं ने की सफाई, ग्रामीणों को मिली राहत
त्यौंथर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान के तहत भाजपा युवा नेता रहीश दुबे के नेतृत्व में अनूठा श्रमदान अभियान चलाया गया। डोडिया मिश्रान और रैकवारा गांव के बीच स्थित मुख्य नाले की सफाई के लिए युवा टीम सीधे नाले के पानी और कीचड़ में उतर गई।
अभियान के दौरान रहीश दुबे और उनके साथियों ने नाले में जमा जलकुंभी, जंगली घास, गाद और कचरे को हाथों से निकालकर बाहर किया। लंबे समय से अवरुद्ध नाले की सफाई के बाद पानी का बहाव सुचारू होने से आसपास के ग्रामीणों को राहत मिली।
‘स्वच्छता सिर्फ औपचारिकता नहीं, जिम्मेदारी है’
इस अवसर पर रहीश दुबे ने कहा कि महात्मा गांधी का स्वच्छता संदेश केवल प्रतीकात्मक रूप से झाड़ू लगाने तक सीमित नहीं है। वास्तविक समस्या के समाधान के लिए जमीन पर उतरकर काम करना ही सच्चा श्रमदान है। नाले में लंबे समय से जमा कीचड़ और कचरे के कारण जलभराव तथा बीमारी का खतरा बना हुआ था, जिसे युवाओं और ग्रामीणों के सहयोग से साफ किया गया।
नाले की सफाई के बाद ग्रामीणों ने युवाओं के इस श्रमदान की सराहना की और स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया। अभियान के दौरान युवाओं ने संदेश दिया कि स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है।
Continue With Google