विधायक बृजेन्द्र सिंह यादव ने जलाया आशीर्वाद का दीया, प्रधानमंत्री कि दीर्घायु की कामना

विधायक ने हितग्राहियों के घर पहुँचकर जलवाया आशीर्वाद का दीया


मुंगावली। सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को गणेश शंकर तालाब परिसर में शाम 6 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित हुआ। विधायक राव बृजेन्द्र सिंह यादव की मौजूदगी में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित किए। देखते ही देखते दीयों की रोशनी से तालाब परिसर जगमगा उठा। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत से हुई। दीप प्रज्वलन के बाद स्कूली छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। छात्राओं की प्रस्तुतियों पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया। परिसर में बनाई गई आकर्षक रंगोलियां भी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहीं। यह रंगोलियां विकसित भारत संकल्प विजन को लेकर बनाई गई थी । वहीं एलईडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘आशीर्वाद स्टोरी’ प्रदर्शित की गई। सेवा संकल्प अभियान के तहत हर बूथ पर प्रत्येक परिवार को दीप प्रज्वलित कर अभियान से जुड़ने का आह्वान किया गया था अभियान के संदेश के अनुसार प्रत्येक दीया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार और विकसित भारत- 2047 के सामूहिक संकल्प का प्रतीक रहा। 17 सितंबर की शाम बूथ सदस्यों द्वारा लाभार्थी परिवारों के घर पहुंचकर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित कराया गया। अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक परिवारों को जोड़ने और जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान नगर में विभिन्न सेवा एवं जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान को लेकर नगर परिषद द्वारा जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष नीतू नरेश ग्वाल, दीपक पालीवाल, मनीष मोदी, भाजपा मंडल अध्यक्ष नागेंद्र सिंह परिहार, अनुविभागीय अधिकारी ब्रजबिहारी श्रीवास्तव, मुख्य नगरपालिका अधिकारी विनय कुमार भट्ट, मुख्य कार्यपालन अधिकारी आलोक कुमार इटोरिया, थाना प्रभारी अरविंद सिंह कछुवाह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।