*सलमान शेख/पेटलावद*
“ग्राम रक्षा समिति पुलिस और समाज के बीच विश्वास की सबसे मजबूत कड़ी है। समाज में शांति, सुरक्षा और भाईचारा बनाए रखने में समिति के प्रत्येक सदस्य की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सभी सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों में सजग रहकर लोगों को जागरूक करें, युवाओं को सही दिशा दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे।”
यह बातें एसडीओपी सुश्री अनुरक्ति साबनानी ने पुलिस थाना परिसर में आयोजित ग्राम रक्षा समिति की बैठक में सदस्यों के बीच कही। बैठक में टीआई निर्भयसिंह भूरिया, आसपास के थाना एवं चौकी प्रभारी सहित ग्राम रक्षा समिति के सभी सदस्य मौजूद रहे।
*सभी मिलजुलकर मनाए त्यौहार:*
एसडीओपी सुश्री साबनानी ने आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील करते हुए कहा कि त्योहार सामाजिक एकता और भाईचारे का प्रतीक हैं। सभी नागरिक प्रशासन का सहयोग करें, अफवाहों से दूर रहें और आपसी समन्वय बनाए रखें। उन्होंने कहा कि ग्राम रक्षा समिति के सदस्य गांव और शहर के बीच पुलिस की आंख और कान की तरह कार्य करते हैं, इसलिए उनकी जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है।
*टीआई निर्भयसिंह भूरिया ने ट्रैफिक और सामाजिक जिम्मेदारी पर दिया जोर:*
बैठक में टीआई निर्भयसिंह भूरिया ने कहा कि तेजी से बदलते दौर में समाज के सामने नई चुनौतियां सामने आ रही हैं। उन्होंने ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने, वाहन सावधानीपूर्वक चलाने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
उन्होंने कहा कि बाजार और मुख्य मार्गों पर बढ़ते यातायात को देखते हुए सभी नागरिकों का सहयोग जरूरी है, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
*मोबाइल के दुरुपयोग को लेकर जताई चिंता:*
बैठक में बच्चों और युवाओं द्वारा मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग तथा सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि आज के आधुनिक दौर में मोबाइल जरूरत बन चुका है, लेकिन इसका गलत उपयोग बच्चों और युवाओं के भविष्य को प्रभावित कर सकता है।
अभिभावकों से अपील की गई कि वे बच्चों की गतिविधियों पर ध्यान रखें, उन्हें मोबाइल का सीमित उपयोग करने के लिए प्रेरित करें तथा सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक बनाएं।
*उज्जैन सिंहस्थ को लेकर विशेष चर्चा:*
बैठक में आगामी उज्जैन सिंहस्थ महापर्व को लेकर भी विशेष चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और जनसहभागिता बेहद महत्वपूर्ण होती है।
ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों से कहा गया कि वे अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करें और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक के अंत में सभी सदस्यों से क्षेत्र में शांति, सुरक्षा, सामाजिक समरसता और जागरूकता बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
मध्य प्रदेश स्पेशल
“ग्राम रक्षा समिति समाज और पुलिस के बीच मजबूत कड़ी है”, हर सदस्य निभाए अपनी जिम्मेदारी” — एसडीओपी अनुरक्ति साबनानी...
पेटलावद पुलिस थाने में आयोजित हुई ग्राम रक्षा समिति की बैठक में शांति, सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता पर जोर...
May 28, 2026 06:29 PM
1 min read
38 views
1/3
Reactions
Comments 0
Please log in to join the conversation and post a comment.
Continue With Google