नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0: जनजागरूकता का सशक्त माध्यम
गुना पुलिस ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में चलाया व्यापक जनजागरण अभियान
भोपाल: पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार संचालित प्रदेशव्यापी "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के तहत गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस ने जिलेभर में जनजागरूकता गतिविधियों का प्रभावी संचालन किया। इस अभियान का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाकर युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन में 24 जुलाई 2026 को अभियान के दसवें दिवस पर जिलेभर में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
- राघौगढ़ क्षेत्र: एसडीओपी श्रीमती दीपा डोडवे ने धरनावदा थाना क्षेत्र के ग्राम मुरादपुर में ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें नशे से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी और नशामुक्त समाज में योगदान देने का आह्वान किया।
- कुम्भराज क्षेत्र: एसडीओपी श्री मनोज कुमार झा ने ग्राम गुलबाड़ा स्थित कंजर समाज में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को शिक्षा, रोजगार और सकारात्मक जीवन मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
- अन्य थाने: थाना बजरंगगढ़, जामनेर, आरोन, फतेहगढ़ और मधुसूदनगढ़ में ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
गुना पुलिस द्वारा हिंदूपथ कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ नशामुक्ति जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें युवाओं को नशे के विरुद्ध संगठित होने का संदेश दिया गया।
विजयपुर थाना पुलिस द्वारा ग्राम दौराना हाईस्कूल में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
महिला थाना पुलिस ने गुना शहर के बूढ़े बालाजी क्षेत्र में स्थानीय रहवासियों के साथ संवाद कर उन्हें नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया और सामूहिक सहभागिता का आह्वान किया।
गुना पुलिस के "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में भी जागरूकता कार्यक्रम जारी रहेंगे, ताकि जनसहभागिता से नशामुक्त, स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण के लक्ष्य को साकार किया जा सके।
Continue With Google
Comments (0)