जन्माष्टमी पर ग्वालटोली में गूंजा कृष्ण भक्ति का रंग
मटकी फोड़ प्रतियोगिता और राधा-कृष्ण की मनमोहक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

नर्मदापुरम, 4 सितंबर। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी पर नर्मदापुरम में श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत माहौल रहा। शहर में जगह-जगह झांकियों, धार्मिक आयोजनों, भंडारों और मटकी फोड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। नन्हे-मुन्ने बच्चे कृष्ण-राधा की वेशभूषा में आकर्षण का केंद्र रहे।
इसी क्रम में ग्वालटोली स्थित प्राचीन काली मंदिर एवं राधा-कृष्ण मंदिर परिसर के समीप ग्वाल समाज द्वारा भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव और मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम में दादा गुरु महाराज, विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, लोकसभा सांसद दर्शन सिंह चौधरी, नगर पालिका अध्यक्ष नीतू यादव और कलेक्टर सोमेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
दादा गुरु महाराज और कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने मंदिर में विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। इसके बाद राधा-कृष्ण की मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों और श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित झांकियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मटकी फोड़ प्रतियोगिता के दौरान युवाओं के उत्साह से पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठा।
दादा गुरु महाराज ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन धर्म, सत्य, कर्तव्य और सेवा का संदेश देता है। उन्होंने गौ सेवा एवं गौ संरक्षण के साथ पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने तुलसी के धार्मिक एवं पर्यावरणीय महत्व को भी बताया।
आयोजन में उमड़ी भीड़ और भक्तिमय प्रस्तुतियों के बीच ग्वालटोली का पूरा क्षेत्र कृष्ण भक्ति में डूबा नजर आया। श्रद्धालुओं को नर्मदापुरम में ही मथुरा-वृंदावन जैसा आध्यात्मिक वातावरण महसूस हुआ।