हड्डीमिल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कल एसपी को ज्ञापन देंगे पार्षद रामवीर जाटव*

*गुना।* वार्ड क्रमांक 21 हड्डीमिल और अंबेडकर नगर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने की मांग को लेकर कांग्रेस पार्षद रामवीर जाटव कल 24 सितंबर को वार्डवासियों के साथ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपेंगे।

पार्षद रामवीर जाटव ने बताया कि क्षेत्र में पुलिस चौकी की स्थापना की लंबे समय से मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र बड़ा होने के कारण रात में गश्त बढ़ाने और एक स्थायी चौकी होने से लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ेगी।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र के कुछ लोगों की शिकायतें थानों में लंबित हैं, जिन पर जल्द कार्रवाई के लिए वे एसपी हितिका वासल से मिलेंगे।

पार्षद ने कहा कि उन्होंने पूर्व में भी जनसहयोग से वार्ड में सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे ताकि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो सके। उनका उद्देश्य गरीब और आम लोगों को सुरक्षित माहौल देना है।

उनके अनुसार कल करीब 100 से अधिक वार्डवासी एसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन देंगे और अपनी बात रखेंगे। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखें।