शहडोल
शहडोल जिले में लगातार हो रही तेज बारिश और आंधी-तूफान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं जिले के अंतिम छोर पपौंध क्षेत्र में कई परिवारों के कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हो गए। प्रभावित ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के 48 घंटे बीत जाने के बाद भी राजस्व अमला मौके पर नहीं पहुंचा और न ही नुकसान का पंचनामा बनाया गया।

पीड़ितों के अनुसार तेज हवा और बारिश से उनके घरों को भारी नुकसान हुआ है। सूचना देने के बावजूद पटवारी अब तक मौके पर नहीं पहुंचे हैं। ग्राम पंचायत निपनिया में झल्ला कोल और बाबू द्विवेदी, ग्राम कुआं में तीरथ प्रजापति व गलउआ प्रजापति सहित पपौंध क्षेत्र के कई परिवारों को सबसे अधिक नुकसान हुआ है।

प्रभावित ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से जल्द सर्वे कराकर नुकसान का आकलन करने तथा उचित मुआवजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि समय पर सहायता नहीं मिलने से उनके सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है।