इछावर में महाराणा प्रताप की प्रतिमा का होगा भव्य अनावरण, राजपूत समाज की तैयारियां जोरों पर

 

इछावर

 

नगर के हृदय स्थल महाराणा प्रताप चौक इछावर थाने के सामने वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की नवीन प्रतिमा के अनावरण की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। क्षत्रिय करणी सेना के जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह राजपूत के नेतृत्व में क्षत्रिय समाज द्वारा इस प्रतिमा को स्थापित किया गया है। जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि प्रतिमा का भव्य अनावरण समारोह 20 सितंबर, रविवार को सुबह 11:00 बजे आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत भव्य चल समारोह से होगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ अनावरण स्थल तक पहुंचेगा। चल समारोह में घोड़े, ढोल-नगाड़े और युवाओं की बड़ी भागीदारी रहेगी।

 

सर्व समाज में उत्साह

 

अनावरण समारोह को लेकर न केवल क्षत्रिय समाज, बल्कि सर्व समाज में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रतिमा स्थल की साफ-सफाई, रंग-रोगन और लाइटिंग व साज-सज्जा का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। समाज के युवा दिन-रात तैयारियों में जुटे हुए हैं। जिला अध्यक्ष राजपूत ने कहा, "महाराणा प्रताप किसी एक समाज के नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के गौरव हैं। उनका जीवन हमें स्वाभिमान, त्याग और मातृभूमि के लिए सर्वस्व न्योछावर करने की प्रेरणा देता है। इस प्रतिमा की स्थापना का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान की भावना जागृत करना है।"

 

कई गणमान्य होंगे शामिल

 

जानकारी के अनुसार अनावरण समारोह में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा प्रदेश अध्यक्ष इंदलसिंह राणा, लोकेंद्र सिंह राणा कार्तिकेय सिंह चौहान विधायक जयवर्धन सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल होंगे। इस अवसर पर अतिथियों का सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा।

क्षत्रिय करणी सेना ने सभी नगरवासियों, व्यापारी बंधुओं और सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे इस ऐतिहासिक और गौरवमयी क्षण के साक्षी बनने के लिए अधिक से अधिक संख्या में पधारें और कार्यक्रम को सफल बनाएं।