मैहर: हरनामपुर मैहर मंडी में किसानों के साथ हो रही अवैध वसूली का विरोध करना एक किसान को भारी पड़ गया। समिति कर्मचारियों ने मिलकर किसान के साथ मारपीट की। इस घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं।

पीड़ित किसान रामकलेश साकेत ने मंडी कर्मचारियों और दलालों पर आरोप लगाते हुए कहा कि समिति प्रभारी को पैसे ना देने पर उनके साथ तीखी बहस के बाद मारपीट की गई। किसान ने तहसील कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार को इस घटना की लिखित शिकायत दी।

प्रशासनिक अधिकारियों की एक टीम तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। जांच में कई अन्य किसानों ने भी पुष्टि की कि रामकलेश के साथ मारपीट की गई है और धान तुलाई के नाम पर ₹10 तक वसूले जा रहे हैं।

प्रशासनिक कर्मचारियों ने अपनी जांच रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंप दी है।

यह कोई एकल घटना नहीं है। जिले में किसानों के साथ ऐसी घटनाएं लगातार हो रही हैं, जिससे प्रशासन को कठोर कदम उठाने की जरूरत है।