चंदेरी के निदानपुर में सनसनी वन विभाग और पुलिस मौके पर, माधव नेशनल पार्क की डॉग स्क्वायड ने की लोकेशन ट्रेस, फॉरेंसिक जांच शुरू
चंदेरी- चंदेरी-पिछोर मार्ग से महज आधा किलोमीटर दूर निदानपुर गांव के एक खेत में अवैध शिकारी के फंदे में फंसकर एक बेजुबान तेंदुए की दर्दनाक मौत हो गई। 4 से 5 साल के इस तेंदुए की लाश खेत में सटे जंगली झाड़ियों के बीच फंदे में जकड़ी मिली, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने जंगली सूअर के शिकार की नियत से खेत में स्टील के तार का जानलेवा फंदा बिछा रखा था, जिसकी चपेट में यह संरक्षित वन्यजीव आ गया और तड़प-तड़प कर उसने दम तोड़ दिया। यदि समय रहते किसी की नजर पड़ जाती तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी।
वन परिक्षेत्र अधिकारी रितिका यादव मौके पर पहुंचीं
सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी रितिका यादव अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और इलाके को सील कर गहन जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए माधव नेशनल पार्क से विशेष डॉग स्क्वायड टीम को बुलाया गया। डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल के आसपास गहन सर्चिंग कर आरोपी की लोकेशन का सुराग लगाने का प्रयास किया। साथ ही फॉरेंसिक लैब की टीम ने सैंपल एकत्र कर जांच के लिए भेजे हैं।
वन विभाग का कहना है कि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों पर शिकंजा कसा जाएगा।
Continue With Google