धार में गांजे की अवैध खेती पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 66.99 लाख का गांजा जब्त
धार जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बाग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने कपास के खेत में अवैध रूप से उगाए जा रहे गांजे के 586 हरे पौधे जब्त किए हैं। जब्त पौधों का कुल वजन 446 किलो 600 ग्राम है, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 66 लाख 99 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई ग्राम कनेरी के बैकल्यापुरा में की गई। मामले में खेत के कथित मालिक भंगड़ा पिता पिडिया भंवर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में बाग थाना और डेहरी चौकी पुलिस के साथ साइबर सेल धार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
धार पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों की खेती और कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।