भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ युवा कांग्रेस का आंदोलन: 14 अप्रैल से अनिश्चितकालीन धरना

विदिशा। जिला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष आकाश शर्मा ने केंद्र सरकार की किसान विरोधी नीतियों पर कड़ा प्रहार करते हुए एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अहम घोषणाएं की हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका के दबाव में की गई 'एकतरफा ट्रेड डील' और MSP में हो रही धांधली के खिलाफ 14 अप्रैल से अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।

आकाश शर्मा ने इस डील को 'कृषि कानून 2.0' करार देते हुए आरोप लगाया कि इसका उद्देश्य मंडियों को खत्म कर खेती को अडानी और अमेरिकी कॉर्पोरेट घरानों के हवाले करना है। उन्होंने यह भी दावा किया कि AI शिखर सम्मेलन 2026 के दौरान उनके 14 साथियों को जेल भेज कर सरकार उनकी आवाज दबाना चाहती है। हालांकि, उन्होंने कहा कि यह लड़ाई जारी रहेगी।

युवाओं को आगे आने का आह्वान

किसान कांग्रेस के जिला महामंत्री सोमेश तिवारी ने कहा:

किसानों पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ अब युवाओं को आगे आना होगा। सरकार किसानों का अस्तित्व मिटाना चाहती है। हमारी जिम्मेदारी है कि हमारे पुरखों ने जिस धरती माता को अपने खून-पसीने से सींचकर देशवासियों का पेट भरा है, उसे इन देश बेचने वाले बहरूपिये व्यापारियों से बचाया जाए।

प्रमुख मांगें

  • किसान विरोधी US ट्रेड डील तुरंत रद्द हो।
  • किसानों को MSP की कानूनी गारंटी दी जाए।
  • भारत का डेटा अमेरिका को सौंपना बंद करें।

युवा कांग्रेस ने जिले के सभी किसानों और युवाओं से अपील की है कि वे 14 अप्रैल को धरने में शामिल हों और इस आंदोलन को सफल बनाएं।