जनसुनवाई में 152 आवेदनों पर सुनवाई, त्वरित निराकरण के निर्देश
नर्मदापुरम, 2 जून 2026। कलेक्ट्रेट कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में 152 आवेदनों पर सुनवाई कर संबंधित विभागों को शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन ने की। उन्होंने अधिकारियों के साथ आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में अतिक्रमण, आवास, सुरक्षा, सीमांकन, पेंशन, विद्युत एवं अन्य राजस्व मामलों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। सभी मामलों पर विभागवार समीक्षा कर त्वरित समाधान की प्रक्रिया शुरू कराई गई।
ग्राम लखनपुर निवासी अर्जुन सिंह ने विद्युत तार की चपेट में आने से भैंस की मृत्यु होने पर मुआवजा दिलाने की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
इसी तरह नर्मदापुरम निवासी पूजा बाई ने सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए अपने पिता के उपचार के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। इस पर नगर तहसीलदार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
वहीं ग्राम कालाआखर निवासी ओजू धुर्वे ने भूमि सीमांकन कराए जाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। मामले में इटारसी अनुविभागीय अधिकारी को शीघ्र सीमांकन कराने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में प्राप्त पेंशन, सीमांकन, अतिक्रमण, विद्युत एवं राजस्व संबंधी विभिन्न आवेदनों पर सुनवाई कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की गई। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर अनिल जैन, डिप्टी कलेक्टर डॉ. बबीता राठौर, डिप्टी कलेक्टर सरोज परिहार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Continue With Google
Comments (0)