जतारा के अब्दाल पहाड़ पर लगा सालाना मेला, हजारों जायरीन का दरगाह पर पहुंचा जनसैलाब * *टीकमगढ़।* जतारा के प्रसिद्ध अब्दाल पहाड़ पर गुरुवार को सालाना मेले का आयोजन हुआ। मेले में टीकमगढ़, झांसी और छतरपुर जिलों के गांवों से हजारों जायरीन पहुंचे। उमस भरी गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं में उत्साह कम नहीं हुआ। सुबह से ही जायरीनों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालु पैदल, दोपहिया और चार पहिया वाहनों से पहाड़ के नीचे तक पहुंचे, फिर बच्चे, महिलाएं, युवा और बुजुर्ग पैदल चढ़ाई कर दरगाह तक गए। जायरीनों ने प्रसाद चढ़ाकर मन्नतें मांगीं। दिनभर पहाड़ पर भीड़ बनी रही। प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधा के पुख्ता इंतजाम किए थे। पेयजल के लिए टैंकर, मेडिकल सुविधा, फायर ब्रिगेड और विद्युत व्यवस्था की गई। सुरक्षा के लिए पुलिस अधिकारी और जवान तैनात रहे।