कलेक्टर ने पलेरा में स्कूल और आंगनवाड़ी का किया औचक निरीक्षण, कम उपस्थिति पर मांगा जवाब* *टीकमगढ़।* जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने शुक्रवार को पलेरा ब्लॉक के शासकीय माध्यमिक शाला मुर्राहा बाबा और आंगनवाड़ी केंद्र मुर्राहा बाबा का औचक निरीक्षण किया। विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति कम मिलने पर कलेक्टर ने शिक्षकों से जवाब मांगा और कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों से संवाद कर जोड़-घटाना के सवाल पूछे और शैक्षणिक स्तर की समीक्षा की। संकुल प्राचार्य और बीएसी को नोटिस जारी कर जिला शिक्षा अधिकारी को रिपोर्ट भेजने को कहा। इसके बाद आंगनवाड़ी केंद्र में पोषण आहार वितरण, नाश्ते की उपलब्धता और स्व-सहायता समूह के माध्यम से तैयार भोजन की जांच की। बच्चों और कार्यकर्ता से वितरण प्रक्रिया की जानकारी ली। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि स्कूलों में नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जाए तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जाए।