जतारा को मिलेगी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधा, 3 एकड़ भूमि पर बनेगा सिविल अस्पताल

जतारा (टीकमगढ़)। जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने जतारा में प्रस्तावित सिविल अस्पताल के निर्माण के लिए चिन्हित भूमि का निरीक्षण किया। पॉलिटेक्निक कॉलेज के सामने स्थित लगभग 3 एकड़ भूमि पर अस्पताल निर्माण का प्रस्ताव है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण संबंधी व्यवस्थाओं और आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को सभी औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी कर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल बनने से जतारा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी तथा इलाज के लिए दूरस्थ शहरों पर निर्भरता कम होगी।
इस अवसर पर जतारा एसडीएम नीरज खरे, स्वास्थ्य विभाग के इंजीनियर अभिषेक चतुर्वेदी सहित राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।