*काशीपुरा में मुक्तिधाम की जमीन पर विवाद, तहसीलदार-पुलिस ने कराया अंतिम संस्कार* *पलेरा।* थाना क्षेत्र के काशीपुरा गांव में सोमवार को मुक्तिधाम की जमीन को लेकर विवाद हो गया। बुजुर्ग महिला के अंतिम संस्कार के दौरान एक व्यक्ति ने जमीन को निजी भूमि बताकर रोक दिया। विवाद बढ़ने पर तहसीलदार और पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा। काशीपुरा निवासी लाड़ कुंवर अहिरवार (90) का रविवार दोपहर निधन हो गया था। सोमवार को परिजन शव लेकर मुक्तिधाम पहुंचे तो एक व्यक्ति ने अंतिम संस्कार से रोक दिया। उसका दावा था कि मुक्तिधाम की जमीन उसकी निजी है। इस पर परिजन और ग्रामीणों ने विरोध किया। ग्रामीणों का कहना है कि वे 40-50 साल से इसी स्थान पर अंतिम संस्कार करते आ रहे हैं। सूचना पर तहसीलदार पलक जैन और थाना प्रभारी प्रीति भार्गव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। दोनों पक्षों से जानकारी लेकर राजस्व रिकॉर्ड की जांच की गई और समझाइश देकर मामला शांत कराया गया। थाना प्रभारी प्रीति भार्गव ने बताया कि अंतिम संस्कार करा दिया गया है। तहसीलदार द्वारा राजस्व रिकॉर्ड की पूरी जांच के बाद जमीन की स्थिति स्पष्ट की जाएगी।